4. प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज चमक के साथ बारिश और अंधड़ की संभावना

रायपुर। प्रदेश में मौसम फिर करवट लेने वाला है। अभी पांच दिनों तक गरज चमक के साथ वर्षा तथा अंधड़ के आसार बन रहे हैं। इसके बाद तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में शुक्रवार को सबसे अधिक पारा 43.3 डिग्री कोरबा में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में रविवार के बाद वर्षा की गतिविधि बढ़ सकती है। एक- दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि इससे अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से असम तक छत्तीसगढ़ होते हुए स्थित है। एक चक्रीय चक्रवात बिहार के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई पर स्थित है। एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर चक्रवात मध्य प्रदेश, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिण असम तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवात मध्य मध्य प्रदेश तथा आसपास के क्षेत्र में औसत समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इससे तापमान कम रहने के आसार हैं।
प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने एवं अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी में भी बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 डिग्री और 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।



