9. पथरी के ऑपरेशन के बाद तड़पकर हुई मरीज की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप…मचा बवाल

रायपुर : भाठागांव स्थित एक निजी अस्पताल में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह पथरी कि ऑपरेशन के लिए भर्ती था। पिछले पांच-छह दिनों से हालत बिगड़ने पर मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया था। गुरुवार की सुबह 4 बजे के आसपास मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई है।
रीवा के रहने वाले कृष्ण कुमार त्रिपाठी को पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए 29 अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक के दामाद शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि पथरी का साइज 20 बाई 20 मिमी थी। जिस दिन मरीज भर्ती हुआ, उसके अगले दिन यानी 30 अप्रैल को डॉ. विनोद सिंह ने ऑपरेशन किया। इसके कुछ दिनों बाद मरीज की हालत बिगड़ने लगी। फिर मरीज को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। शिवेंद्र का आरोप है कि लापरवाही से उनके ससुर की मौत हुई। इस मामले में अस्पताल के डायरेक्टर व सर्जन डॉ. विनोद सिंह का कहना है कि मरीज के गॉल ब्लेडर में पथरी थी। सेप्टिक भी था। काफी गंभीर स्थिति थी। उन्होंने लापरवाही से मौत को नकारते हुए कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की पूरी टीम है। मरीज की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा पाए।



