छत्तीसगढ़

रायपुर नगर निगम में जमीन घोटाले की आहट: जोन-10 से 20 एकड़ के दस्तावेज गायब, मची हड़कंप

राजधानी रायपुर नगर निगम क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। नगर निगम के जोन-10 कार्यालय से जमीन से जुड़े अहम दस्तावेजों के गायब होने की खबर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोन-10 कार्यालय में सुरक्षित रखे गए भूमि रिकॉर्ड और विकास कार्यों से संबंधित कई महत्वपूर्ण फाइलें (नस्ती) लापता पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि करीब 100 एकड़ जमीन से जुड़े दस्तावेजों में से लगभग 15 से 20 एकड़ जमीन के रिकॉर्ड गायब हैं।

इन फाइलों में कमर्शियल बिल्डिंग, अपार्टमेंट और अन्य निर्माण परियोजनाओं से जुड़े आवेदन भी शामिल थे। ये आवेदन भवन निर्माण, नाली, पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनुमति प्रक्रिया के तहत जमा किए जाते हैं। आमतौर पर, जोन कार्यालय से ये फाइलें आगे की कार्रवाई के लिए नगर निगम मुख्यालय और टीएनसी (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) शाखा को भेजी जाती हैं।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब नगर निगम आयुक्त ने संबंधित फाइलों को तलब किया। इसके बाद विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में बिल्डरों और कुछ निगम कर्मचारियों के बीच कथित मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कुछ पत्र भी सामने आए हैं, जिनसे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। दस्तावेजों के अचानक गायब होने को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पूरे मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है

Related Articles

Back to top button