अपराध

5. युवक ने दो सहयोगियों के साथ अपने ही घर में की चोरी, गिरफ्तार

नवापारा राजिम।  अपने ही घर में जेवर व नकदी चोरी करने वाले युवक को उसके दो सहयोगियों के साथ गोबरा नवापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा के शीतलापारा में रहने वाली प्रार्थिया निर्मला बाई साहू ने 19 अगस्त को गोबरा नवापारा थाना में रिपोर्ट दर्ज करााई थी कि 18-19 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी द्वारा उसके घर के अंदर घुसकर अलमारी के लॉकर को तोडक़र उसमें रखे 54 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी 10 हजार रुपए की चोरी कर ली है। मामले में पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 380, 457 के तहत अपराध दर्ज कर पतासाजी शुरू की गई और 24 घंटे के भीतर प्रार्थिया के ही बेटे योगेश साहू सहित उसके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। तीनों आरोपियों को 20 अगस्त को जेएमएफसी न्यायालय रायपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर रायपुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
सब इंस्पेक्टर विजय लाल साहू ने बताया कि विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि प्रार्थिया का बेटा योगेश साहू पिता जीवन लाल साहू (18 वर्ष 10 माह) पूर्व में चोरी के मामले में बाल अपचारी के रूप में बाल संप्रेक्षण गृह माना जा चुका है। परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी उसी के आरोपी होने की ओर इशारा कर रहे थे, जिस पर उसे हिरासत में लेकर सूझबूझ और तकनीकी आधार पर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने शौक को पूरा करने के लिए उक्त चोरी को अंजाम देना स्वीकार करते हुए 2 अन्य सहयोगियों शीतलापारा के ही कौशल साहू पिता गोकर्ण साहू (20) और रामकुमार पटेल पिता स्वर्गीय जग्गू राम पटेल (26) के नाम भी बताए। इनमें से रामकुमार पटेल गोबरा नवापारा की एक ज्वेलरी दुकान में काम करता है, जिसे आरोपी ने अपने घर में चोरी किए जेवरात, कौशल साहू के माध्यम से उसके सेठ की ज्वेलरी दुकान में बेचने के लिए दिया था। जिससे किसी को भी उन पर शक ना हो और जेवर के रकम भी ज्यादा मिल जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button