छत्तीसगढ़

आउटर इलाकों में जमकर पड़ रही ठंड, 5 दिन बाद मौसम में होगा भारी बदलाव

रायपुर – ठंडी हवा के प्रवेश से राजधानी रायपुर में रात का तापमान अब 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना बन रही है. अभी रात का पारा सामान्य से एक डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है, जिसके अब सामान्य से एक दो डिग्री नीचे जाने से ठंड बढ़ने के आसार बन रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पूर्वी नम हवा के प्रवेश से बुधवार को शहर में बादल छाए रहे. इसके प्रभाव से 28 डिग्री से ऊपर नहीं जा पाया. रात के तापमान में भी बड़ा बदलाव होने की उम्मीद कम है, मगर शुक्रवार से पुनः ठंडी हवा उत्तर दिशा से होकर आएगी, जिसके प्रभाव से तापमान में गिरावट होने के आसार हैं.

पांच दिन बाद मौसम में बदलाव की संभावना
मौसम विशेषज्ञ संजय बैरागी ने बताया कि अभी तीन-चार दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ जैसा सिस्टम नजर नहीं आ रहा है. जिसकी वजह से ठंड का असर ज्यादा दिन तक रहने की संभावना बन रही है. पिछले दो दिनों से अंबिकापुर में ही रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है. मध्य इलाकों की तुलना में आउटर में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है.

अभी राज्य में न्यूनतम तापमान 8.9 तथा अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिन बाद ही मौसम में किसी तरह का बदलाव हो सकता है.

आउटर इलाकों में बढ़ी ठंड
मध्यक्षेत्र में रिहायशी इलाकों में भले ही ठंड का असर कम है, मगर बाहरी इलाकों में रात के बाद इसका असर नजर आ रहा है. नवा रायपुर, लभांडी, सेजबहार जैसे इलाके में रात का तापमान 12-13 डिग्री तक पहुंच रहा है. दिसंबर का पहला पखवाड़ा बीतने की वजह से रात की लंबाई अब अधिक हो चुकी है. इसकी वजह से जमीन को ठंडा रहने के लिए काफी वक्त मिल रहा है. आने वाले दिनों में अगर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नहीं होता है तो राज्य में ठंड का काफी प्रभाव महसूस हो सकता है.

Related Articles

Back to top button