छत्तीसगढ़

एक छोटा सा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बन सकता है, यह केवल भाजपा में ही संभव – विष्णुदेव साय

नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्री साय ने दिया 13 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में साइंस कॉलेज पहुँचने का आमंत्रण

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा के बूथ, शक्तिकेंद्र, मंडल, जिला, एवं प्रदेश स्तर के 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को उनके परिश्रम से हुई जीत के लिए बधाई दी है। श्री साय ने 13 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में साइंस कॉलेज पहुँचने का आमंत्रण दिया।

नवनियुक्त मुख्यमंत्री  साय ने ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कहा कि कैसे एक छोटा-सा कार्यकर्ता प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है, यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के विकास एवं राज्य की जनता के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता ने कठोर परिश्रम किया है और जनता ने उस परिश्रम का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि हम संपूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे ताकि छत्तीसगढ़ राज्य देश के बड़े और विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।

उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर भरोसा करते हुए छत्तीसगढ़ का भविष्य बनाने का जिम्मा सौंपा है और छत्तीसगढ़ राज्य की समृध्दि के लिए भाजपा कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने में आप सभी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। छत्तीसगढ़ में पहली बार भाजपा ने इतने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर प्रदेश में सरकार बनाई है। इसमें प्रदेश के हर एक कार्यकर्ता ने 54 सीटों पर कमल खिलाने के लिए लगातार मेहनत की है। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई। जनता ने हमें पूर्ण बहुमत का आशीर्वाद देकर छत्तीसगढ़ को विकास की धारा से जोड़ने का जो दायित्व प्रदान किया है हम उसे ईमानदारी से पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि भय और आतंक से मुक्त कराने के लिए, छत्तीसगढ़ राज्य के समग्र विकास और जनता की बेहतरी के लिए हमें जनादेश मिला है।

नवनियुक्त मुख्यमंत्री साय, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री साव के साथ ही प्रदेश महामंत्री एवं विधायक केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक विजय शर्मा ने भी सोमवार को ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़कर प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन विधायक श्री शर्मा ने किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की शानदार जीत की बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button