छत्तीसगढ़

1. आज से 15 दिसंबर तक 22 दिनों के शादी सीजन से 550 करोड़ के कारोबार के आसार, एक हजार से अधिक शादियां होने की संभावना

रायपुर। देव प्रबोधिनी एकादशी के साथ गुरुवार से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। कारोबारियों के संगठन कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार प्रदेशभर में इस सीजन में लगभग 550 करोड़ के कारोबार की संभावना है। कैट ने यह अनुमान अपने सहयोगी संगठनों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर निकाला है।

नवंबर में 23, 24, 27, 28, 29 और 30 नवंबर तथा दिसंबर में 3, 4, 7, 8, 9 और 15 तारीख को शादी के लिए शुभ मुहूर्त हैं। होटल कारोबारियों ने होटलों की बुकिंग के अनुसार अनुमान लगाया है कि 15 दिसंबर तक चलने वाले 22 दिनों के शादी सीजन में प्रदेश में 1,000 से ज्यादा शादियां होंगी। शहर में इन दिनों सराफा संस्थानों से लेकर कपड़ा बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखी जा सकती है। साथ ही आटोमोबाइल संस्थानों में शुभ दिनों के लिए बुकिंग हो रही है।

इन पर होगा खर्च

 

 

 

 

    • साड़ी, लहंगा, शेरवानी और अन्य कपड़ों पर 10 प्रतिशत।

 

 

    • गहनों पर 15 प्रतिशत।

 

 

    • सूखे मेवे, फल, मिठाई और नमकीन पर पांच प्रतिशत।

 

 

    • इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिक्लस और उपभोक्ता वस्तुओं पर पांच प्रतिशत।

 

 

    • अनाज, किराना सामान और सब्जियों पर पांच प्रतिशत।

 

 

    • उपहार वस्तुओं पर चार प्रतिशत और अन्य वस्तुओं में छह प्रतिशत।

मुख्य खर्च टेंट, आयोजन स्थल, यात्रा, बैंड आदि पर 50 प्रतिशत।

पिछले वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत ज्यादा

कारोबारियों का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष शादी सीजन में लगभग 40 प्रतिशत ज्यादा कारोबार की उम्मीद है, क्योंकि पिछले वर्ष की तुलना में शादी की तिथियां ज्यादा हैं। सराफा, कपड़े सहित अन्य संस्थानों में इन दिनों ग्राहकों की भीड़ देखी जा सकती है।

सभी बड़े होटल, मैरिज पैलेस बुक

 

शादियों के लिए रायपुर के साथ ही दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, जगदलपुर सहित अन्य प्रमुख शहरों के सभी बड़े होटल, मैरिज पैलेस बुक हो चुके हैं। अकेले रायपुर में 400 बड़े होटल और मैरिज पैलेस हैं, होटल कारोबारियों के अनुसार इनमें से लगभग सभी बुक हो गए हैं। प्रदेश में इनकी संख्या 900 से ज्यादा है, जिनमें से 90 प्रतिशत बुक हो गए हैं।

मैरिज पैलेस व होटलों में बारात स्वागत, डेकोरेशन, पार्टी और पाणिग्रहण तक के इंतजाम

 

सभी बड़े होटल और मैरिज पैलेस में बारात स्वागत से लेकर डेकोरेशन, पार्टी, पाणिग्रहण, दूल्हा-दुल्हन की धमाकेदार एंट्री, इवेंट कार्यक्रम आदि के इंतजाम है। बताया जा रहा है कि एक हजार लोगों की पार्टी के लिए इनका पैकेज 50 लाख से एक करोड़ के बीच है। बजट होटलों का पैकेज भी 10 लाख रुपये से शुरू है। इसके अलावा उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार ही थीम बेस्ड शादियां भी करवाई जाती हैं, इसके लिए भी होटलों में पूरी तैयारी रहती है।

सराफा में लाइटवेट ज्वेलरी के साथ ही पारंपरिक व फैशनेबल गहने

सराफा संस्थानों में लाइटवेट गहनों की नई रेंज के साथ ही पारंपरिक व नए फैशनेबल गहने उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं द्वारा भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है। चांदी के काफी गिफ्ट आइटम लाए गए हैं। इलेक्ट्रानिक्स में कांबो आफर दिया जा रहा है और आटोमोबाइल में आकर्षक छूट दी जा रही है। त्योहारी सीजन में हुए जबरदस्त कारोबार को देखते हुए इस वर्ष शादी सीजन में भी जबरदस्त कारोबार की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button