11 दिन बाद खुला CG-आंध्र-तेलंगाना मार्ग:गोदावरी-शबरी का जलस्तर हुआ कम, इधर दंतेवाड़ा में डुमाम नदी उफान पर, 12 से ज्यादा मकान ढहे

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कुछ जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है। मगर कई जिलों में बारिश फिलहाल थमी हुई है। अच्छी बात यह है कि गोदावरी शबरी नदी का जलस्तर भी अब कम हो रहा है। जिससे 11 दिनों तक बंद रहा नेशनल हाईवे 30 अब खुल गया है। सुकमा जिले के कोंटा के रास्ते छ्त्तीसगढ़ को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से जोड़ने वाली नेशनल हाईवे से शनिवार को आवाजाही शुरू हो गई हैं। बाढ़ के पानी में फंसे वाहन चालकों को अब राहत मिली है।
कहीं बदली तो कहीं हो रही रिमझिम बारिश
बस्तर में शनिवार की दोपहर तक दंतेवाड़ा, जगदलपुर समेत कुछ जिलों में बदली छाई रही। कोंडागांव और नारायणपुर जिले में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। इधर दंतेवाड़ा के कटेकल्याण में डुमाम नदी के उफान पर होने से 30 से ज्यादा ग्रामीणों की 50 एकड़ फसल का नुकसान हो गया है। 12 से ज्यादा मकान भी ढह गए हैं। ग्रामीणों ने मुआवजा के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है।



