लखनऊ में मरीजों का इलाज करते मिले इंटर पास, अब हर अस्पताल को गेट पर लगाना होगा डॉक्टरों का फोटो
लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती दो मरीजों का इलाज इंटर पास युवक करते मिले। उनके पास मेडिकल क्षेत्र का कोई अनुभव भी नहीं था। CMO ने आदेश दिया है कि अब हर अस्पताल के गेट पर डॉक्टरों का फोटो लगाया जाए।

अस्पतालों के गेट पर होंगे डॉक्टरों का फोटो-ब्योरा
शहर-ग्रामीण इलाकों में अस्पताल, नर्सिंग होम, लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालकों को डॉक्टरों का ब्योरा फोटो के साथ गेट पर लगाना होगा। इमरजेंसी में लगे डॉक्टरों की पूरी जानकारी देनी होगी। सीएमओ ने सभी अस्पतालों को भेजे गए पत्र में इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किया है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने छापेमारी में अस्पतालों में अप्रशिक्षित डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के मिलने के बाद यह कदम उठाया है। आयुर्वेद-यूनानी डॉक्टरों के इलाज पर सीएमओ कार्यालय ने आपत्ति लगायी है। ईएमओ की 24 घण्टे ड्यूटी का रोस्टर, मोबाइल नंबर हर दिन लिखना होगा।
झोलाछाप के इलाज से महिला ने दम तोड़ा
एक हफ्ते के भीतर मलिहाबाद के बाद अब माल में एक झोलाछाप के गलत इलाज ने महिला की जान ले ली। झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के कुछ मिनट में ही महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी क्लीनिक बंद करके फरार है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिन्दाना गांव निवासी असलम ने बताया की उसकी पत्नी खुशबुन को बुखार था। शनिवार शाम करीब छह बजे वह पत्नी को लेकर आट गांव चौराहे पर क्लीनिक संचालक को दिखाने पहुंचा। झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के 15 मिनट बाद खुशबुन ने वहीं पर दम तोड़ दिया।
तबीयत बिगड़ने पर फरार
क्लीनिक में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद मरणासन्न होता देखकर आरोपी क्लीनिक बंद कर भाग निकला। असलम ने घरवालों को सूचना दी और पत्नी को सीएचसी माल ले गया। यहां डॉक्टर ने महिला को मृत करार दिया। रविवार को मृतक के पति असलम ने माल में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपी पर केस दर्ज होगा।



