5. 1 किलो प्लास्टिक कचरा लाओ और भरपेट खाना खाओ, जानें अनोखा कैफे कहां खुला

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक ऐसा कैफे मौजूद है जहां प्लास्टिक वेस्ट लाने पर आपको भरपेट खाना खिलाया जाता है. सुनने में थोड़ा अजीब लग रहा होगा मगर यह अपने आप में देश का पहला ऐसा कैफै है, जहां कचरे के बदले लोगों को खाना मिलता है. इस कैफे की शुरुआत 2019 में की गई थी.
अंबिकापुर के बस स्टैंड के ठीक सामने ही पोस्ट एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र भी मौजूद है. यहां कचरा जमा करने पर लोगों को टोकन दिया जाता है. उस टोकन को देकर कैफे में लोग खाना खा सकते हैं. आधा किलो प्लास्टिक वेस्ट के बदले नाश्ता कराया जाता है. 1 किलो प्लास्टिक वेस्ट देने पर दाल, चावल सब्जी और अचार दिया जाता है.
एसएलआरएम इंचार्ज से बात करने पर उन्होंने बताया कि रोजाना गार्बेज कैफ़े में खाना खाने के लिए गरीब लोग 10 से 15 किलो कचरा लेकर आते हैं. इसके बाद उन्हें टोकन दिया जाता है और फिर इस टोकन को कैफ़े में देकर लोग खाना खा पाते हैं. हालांकि पहले के मुकाबले अब इस कैफ़े में कचरे के बदले खाने के लिए लोग कम ही नजर आते हैं. यह कैफ सामान्य लोगों के लिए भी संचालित हो रहा है जहां लोगों के लिए नाश्ते की सुविधा उपलब्ध है. यह कैफे अम्बिकापुर नगर निगम द्वारा संचालित किया जा रहा है.



