1. कड़ाके की ठंड का कहर जारी, बदली गई स्कूलों की टाइमिंग, कई जिलों में शीतलहर जारी, मौसम विभाग ने दी नई चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आ रही ठंडी व शुष्क हवाओं के चलते अब मौसम का मिजाज बदल गया है और पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। बहुत से क्षेत्रों में घना कोहरा छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट है। मौसम विभाग का कहना है कि अब न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट के आसार नहीं है। कोरिया, सरगुजा, पेंड्रा रोड,सूरजपुर, कवर्धा सहित आठ जिलों में शीतलहर चल सकती है।
दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे
ठंडी हवाओं के चलते सोमवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में ठिठुरन बनी रही। अब सुबह-सुबह व रात के साथ ही दोपहर के वक्त भी लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी कुछ दिन प्रदेश में मौसम का रुख ऐसा ही रहेगा। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। इसके साथ ही दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दुर्ग का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी व शुष्क हवाएं आ रही है,इन हवाओं की गति अभी कम है। इसके चलते ठंडकता में थोड़ी बदलाव आ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह कोहरा भी छाया रह सकता है।
कड़ाके की ठंड के चलते प्रशासन ने स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया है। रायपुर के स्कूलों के भी समय में बदलाव हुआ है। अब सुबह 7 बजे के बजाए 8 बजे तक बच्चे स्कूल पहुंचेंगे। वहीं दूसरी पाली के स्कूल दोपहर 12.30 बजे से शुरू होंगे । सर्दी की वजह से आम जनता का बुरा हाल है। कोरिया, अंबिकापुर,बिलासपुर, चिरमिरी, मैनपाट, पेंड्रा से लेकर रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।



