1.
1. दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों ने गंवाई जान, दोनों एक्सीडेंट में चंद घंटो का रहा फासला

धमतरी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में चंद घंटों के अंदर दो एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। जहां दो सगे भाईयों सहित चार लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
बता दें कि पहली घटना धमतरी नगरी मार्ग स्थित डेविड ढाबा के पास की है। बताया जाता है कि ग्राम अमाली निवासी अभय नेताम और ऋषभ मंडावी बाइक में सवार होकर कहीं जा रहे थे।
तभी डेविड ढाबा के पास खड़ी हाईवा क्रमांक सीजी 04 एम 9048 में जा घुसे। जिससे दोनों के सिर में गंभीर चोट आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे में बिरेझर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोड़ेबोड़ की है। जहां ग्राम केंद्री निवासी खेमराज कोसले 23 वर्ष अपने भाई जसवंत कोसले 22 वर्ष के साथ ग्राम सांकरा में मंडई घूमने आए हुए थे। सोमवार रात लगभग 11 बजे अपनी बाईक सीजी एनएस से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान कोड़ेबोड़ में महिंद्रा बस क्रमांक सीजी 19 एफ 1021 ने ठोकर मार दी। जिसमें खेमराज कोसले की मौके पर ही मौत हो गई। जसवंत को गंभीर अवस्था में धमतरी मसीही अस्पताल लाया गया। जहां पर इलाज के दौरान देर रात उसकी भी मौत हो गई। मंगलवार को कुरूद में खेमराज का और धमतरी जिला अस्पताल में जसवंत का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की पतासाजी कर रही है।



