बाइक शोरूम में लगी आग, दमकल ने पाया काबू, शोरूम संचालन ने किया एक करोड़ के नुकसान का दावा
बाइक और टायर के शोरूम में देर रात लगी भीषण आग से करोड़ों रुपए के नुकसान का अंदेशा है। घटना सोमवार मंगलवार की दरम्यानी रात की बताई गई है। नगर के कटरा में स्थित हीरो मोटोकॉर्प के शोरूम शुभा मोटर्स एवं एमआरएफ टायर्स के शोरूम में आग लग गई

मंडला। बाइक और टायर के शोरूम में देर रात लगी भीषण आग से करोड़ों रुपए के नुकसान का अंदेशा है। घटना सोमवार मंगलवार की दरम्यानी रात की बताई गई है। नगर के कटरा में स्थित हीरो मोटोकॉर्प के शोरूम शुभा मोटर्स एवं एमआरएफ टायर्स के शोरूम में आग लग गई। आग ने जल्द ही भीषण रूप ले लिया और बेकाबू हो गई। प्रथमदृष्टया आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल आग पूरी तरह बुझी है।
पुलिस की पड़ी नजर
रात्रि गस्त में निकले पुलिस के जवानों ने शोरूम से धुआं निकलते देखा और उन्होंने शोरूम मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण है कि इसे काबू करने के लिए नजदीकी नगर बम्हनी एवं नैनपुर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी।
एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अंदेशा
शोरूम के संचालक संजय तिवारी ने बताया कि इस अग्निकांड में 50 लाख रुपए से अधिक के टायर और नीचे रखी 25 गाड़ियां जल कर खाक हो गई। आग ऊपर के एरिया में भी लग चुकी हैं। जहां और भी गाड़ियां रखी हुई हैं। प्राथमिक तौर पर उन्होंने एक करोड़ से भी अधिक के नुकसान का अंदेशा जताया है।
पुलिस ने दी जानकारी
कोतवाली थाना प्रभारी जनक सिंह रावत ने बताया कि रात लगभग 2:30 से 3 बजे पुलिस जवानों ने शोरूम से आग की लपटें निकलते देखा और उन्होंने इसकी सूचना शोरूम मालिक संजय तिवारी को दी। जिसके बाद फायर बिग्रेड के वाहनों से आग पर काबू पाया गया है।



