5. सूने मकान का ताला तोड़ लाखों के जेवर-नकदी पर हाथ साफ कर गए चोर, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित भारतलाल साहू सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं और सिंचाई कॉलोनी में बने क्वार्टर में रहते हैं। घटना के समय वे किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। सूने मकान में ताला देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से कोरबा जिले में चोरी और लूट की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। उनका आरोप है कि सूने मकानों और दुकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है तथा रात के समय गश्त में कमी के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पीड़ित भारत लाल साहू ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।



