छत्तीसगढ़

1. रायपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसे युवक की मौत

रायपुर ।   रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलसे 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. शाकिब पिछले सात दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था. यह घटना 12 जुलाई को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खुले मैदान में हुई थी.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि वाहन को लेकर हुए पुराने विवाद के बाद शाकिब के 18 वर्षीय दोस्त ने उसे शराब पार्टी के बहाने बुलाया था. वहां कहासुनी होने पर आरोपियों ने शाकिब और उसके स्कूटर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गया और शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया.

घटना के बाद स्थानीय निवासियों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया था.

शाकिब की मौत की खबर मिलते ही रविवार को गुस्साए परिजनों और रिश्तेदारों ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया. परिजनों ने पुलिस पर जांच में ढिलाई बरतने और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी करने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.

मामले में उप पुलिस आयुक्त (डीसीपी) रोबिंसन गुड़िया ने बताया कि अब तक की जांच से संकेत मिले हैं कि युवक स्कूटर जलाने गए थे और इसी दौरान शाकिब आग की चपेट में आ गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों व पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट पता चल सकेगा.

Related Articles

Back to top button