3. स्कूल के 8 बच्चों को चॉकलेट कहकर खिलाईं नशे की गोलियां, 1 ICU में भर्ती

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र ने अपने ही सहपाठियों को चॉकलेट के नाम पर नशे की गोलियां बांट दीं. इन संदिग्ध गोलियों को खाने के बाद स्कूल के 8 छात्र गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिनमें से 1 बच्चे की हालत नाजुक है और वह आईसीयू (ICU) में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं के एक छात्र ने अपने साथियों को गुमराह करते हुए ये प्रतिबंधित गोलियां खाने के लिए दी थीं. इसे सामान्य चॉकलेट समझकर बच्चों ने खा लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चों को अचानक तेज चक्कर आने लगे, वे बेहोश होने लगे और उनके शरीर में अकड़न शुरू हो गई. स्कूल में अचानक बच्चों की इस हालत को देखकर हड़कंप मच गया.
आनंद-फानन में सभी पीड़ित छात्रों को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 4 बच्चों को छुट्टी दे दी है, जबकि 4 बच्चों का अभी भी इलाज चल रहा है. इनमें से एक छात्र की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में आईसीयू में रखा गया है.
अभिभावकों में भारी आक्रोश, पुलिस में शिकायत की तैयारी
इस घटना के बाद से पीड़ित बच्चों के माता-पिता गहरे सदमे और गुस्से में हैं. परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की भनक तब लगी जब बच्चे लड़खड़ाते हुए और बीमार हालत में घर पहुंचे. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर भी नाराजगी जताई है और इस पूरे मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.
स्कूल प्रबंधन और आरोपी छात्र का क्या है कहना?
स्कूल की कार्यवाहक प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्कूल के ही एक छात्र ने ये प्रतिबंधित नशीली गोलियां बांटी थीं. प्राचार्य के मुताबिक, आरोपी छात्र का दावा है कि उसे खुद नहीं पता था कि ये गोलियां नशीली या इतनी खतरनाक हैं.
वहीं, बीमार हुए बच्चों ने भी अस्पताल में बताया कि उन्हें गोलियों के नशीले होने की कोई जानकारी नहीं थी. स्कूल प्रशासन ने इस गंभीर मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी है.



