भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ की नई टीम घोषित, राजेश गुप्ता बने प्रदेश कोषाध्यक्ष

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ की नई प्रदेश कार्यकारिणी एवं संभाग प्रभारियों की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश संयोजक कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के नेतृत्व में गठित इस नई टीम की सूची संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने जारी की।
नई कार्यकारिणी में राजेश गुप्ता को प्रदेश कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा गोपाल मित्तल को प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष, मुनेश्वर साहू को कार्यालय मंत्री, संजय कश्यप को सह-कार्यालय मंत्री, संतोष तेजवानी को मीडिया प्रभारी, मनोज दीक्षित को मीडिया सह-प्रभारी, कमल डागा को सोशल मीडिया प्रभारी तथा अनंत थवाईत और राजेश पाण्डेय को सोशल मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही प्रदेश कार्यसमिति एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की भी घोषणा की गई है।

संगठन ने संभाग स्तर पर भी नई जिम्मेदारियां तय करते हुए बजरंग खंडेलवाल को रायपुर संभाग, रवि तिवारी को बस्तर संभाग तथा चिंटू राजपाल को सरगुजा संभाग का प्रभारी बनाया है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर राजेश गुप्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश संयोजक कार्तिकेश्वर स्वर्णकार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
राजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ व्यापारियों, उद्यमियों और व्यवसायिक वर्ग को संगठन से और अधिक मजबूती से जोड़ने, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।
नई कार्यकारिणी के गठन से भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ की संगठनात्मक गतिविधियों में नई ऊर्जा, गति और प्रभावशीलता आने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक और व्यापारिक क्षेत्रों में इस नियुक्ति को संगठन के विस्तार और व्यवसायिक वर्ग के साथ बेहतर समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



