छत्तीसगढ़

न्याय की आस टूटने के बाद जिंदगी की जंग हार गई पूर्णिमा साहू, डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बेहद दुखद और संवेदनशील खबर सामने आई है। भुरकोनी निवासी पूर्णिमा साहू, जिन्होंने कुछ दिन पहले कथित रूप से न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया था, उनका मंगलवार को रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसी पूर्णिमा साहू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि निजी स्वामित्व और पट्टे वाले मकान को तोड़े जाने सहित अन्य मामलों में वे लगातार शासन-प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन समय रहते समाधान नहीं हो सका। इसी मानसिक तनाव के चलते पूर्णिमा ने आत्मदाह जैसा गंभीर कदम उठाया था।
पूर्णिमा की मौत के बाद एक बार फिर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने के मुद्दे पर सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button