छत्तीसगढ़

5. नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने मासूम को कुचला

राजनांदगांव ।  छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में एक अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी 12 वर्षीय स्कूली छात्रा पूनम को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में छठवीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस वीभत्स दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में मृतका का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया.

ग्रामीणों के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया.

दिलचस्प और खौफनाक बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी ड्राइवर देवी सिंह ने पकड़े जाने के डर से ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी. नशे की हालत में चूर ड्राइवर ने करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से वाहन दौड़ाया.

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 55 किलोमीटर तक इस मौत की रफ्तार का पीछा किया. खुद को घिरा देख भागने की कोशिश में आखिरकार कोरकोट्टी गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरा, जिसके बाद पुलिस ने घायल ड्राइवर को हिरासत में लेकर इलाज के लिए मानपुर अस्पताल में भर्ती कराया.

इस फिल्मी चेस के दौरान आरोपी ने हैवानियत और दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं. भागने के प्रयास में उसने मोहला थाना क्षेत्र की पहली नाकेबंदी को बेरहमी से तोड़ दिया.

इसके बाद मानपुर थाने के सामने की गई दूसरी घेराबंदी को भी दरकिनार करते हुए बैरिकेड्स उड़ा दिए.

इस दौरान वहां तैनात पुलिस अधिकारी और जवान अपनी जान बचाकर बमुश्किल पीछे हटे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने हाईवे पर चलने वाले राहगीरों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

Related Articles

Back to top button