1. राशन दुकानों में चावल की हेराफेरी पर धड़ाधड कार्रवाई शुरू, जोरा संचालक के खिलाफ FIR

रायपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों में चावल से जुड़ी गड़बड़ियों के मामला लगातार बढ़ रहे हैं। खाद्य विभाग की जांच में कई दुकानों में भारी मात्रा में चावल शार्टेज मिलने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जोरा स्थित दुकान में 389 क्विंटल चावल कम मिलने पर समिति अध्यक्ष और विक्रेता के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
वहीं, सेरीखेड़ी, कोसमखुटा, गनौद और रायपुर की अन्य दुकानों में 175 से 450 क्विंटल तक चावल शार्टेज मिला है। विभाग ने इन समितियों को कई बार नोटिस जारी कर चावल या उसकी राशि जमा कराने कहा, लेकिन अब तक भरपाई नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। कुछ दुकानों में 1250 क्विंटल तक स्टाक कमी सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है।
जोरा दुकान में 15 लाख रुपये से अधिक का चावल गायब
खाद्य विभाग के अनुसार जोरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान आईडी 442001026 में जांच के दौरान 389 क्विंटल चावल का शार्टेज मिला था। इसकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। विभाग ने समिति अध्यक्ष और विक्रेता को कई बार नोटिस जारी कर चावल या उसकी राशि जमा कराने कहा, लेकिन महीनों बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद विभाग ने दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य दुकानों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
सेरीखेड़ी से गनौद तक कई दुकानों में गड़बड़ी
सेरीखेड़ी स्थित दुकान आईडी 442001044 में करीब 450 क्विंटल चावल शार्टेज मिला है। वहीं आरंग के कोसमखुटा दुकान आईडी 442003042 में लगभग 220 क्विंटल चावल कम पाया गया। रायपुर की दुकान आईडी 441001290 और 441001291 में 200 से 250 क्विंटल तक स्टाक कमी सामने आई है। इसके अलावा ग्राम गनौद आरंग की दुकान में करीब 175 क्विंटल चावल शार्टेज मिला। विभाग का कहना है कि सभी दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन अब तक न चावल जमा हुआ और न ही राशि।
1250 क्विंटल तक स्टाक में कमी
खाद्य विभाग ने बताया कि दुकान आईडी 442001040 में 1250 क्विंटल चावल की कमी पाई गई है। इसके अलावा दुकान आईडी 442000149 में 385 क्विंटल और 442001059 में 300 क्विंटल स्टाक कमी मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है जिन दुकानों में शार्टेज मिला है, वहां लगातार कार्रवाई की जा रही है। यदि समिति प्रभारियों द्वारा चावल या राशि जमा नहीं कराई गई, तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। विभाग अब पूरे मामले की विस्तृत जांच करा रहा है। व
जारी है कार्रवाई
जिले की कई राशन दुकानों में भारी मात्रा में चावल शार्टेज मिलने के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जोरा दुकान में 389 क्विंटल चावल कमी पर एफआईआर दर्ज हुई है। वहीं सेरीखेड़ी समेत अन्य दुकानों में 175 से 1250 क्विंटल तक स्टाक कमी मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
– भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक



