छत्तीसगढ़

5. बिलासपुर सेन्ट्रल जेल में विचाराधीन कैदी की हत्या

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की बिलासपुर सेंट्रल जेल से सोमवार सुबह जेल के भीतर ही एक विचाराधीन बंदी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. तीन हत्याओं और दो जानलेवा हमलों के मामलों में पहले से ही सजा काट रहा एक खूंखार कैदी बैरक में घुसा और उसने सीमेंट के भारी स्लैब से हमला कर वारदात को अंजाम दिया.

इस खूनी संघर्ष के बाद जेल महकमे में हड़कंप मच गया है और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कटघरे में है.

अधिकारियों और पुलिस ने इस गंभीर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. हालांकि, आरोपी ने इस खूनी वारदात को क्यों अंजाम दिया, इसकी असली वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है. पुलिस और जेल प्रशासन बैरक में मौजूद दूसरे कैदियों से भी पूछताछ कर रहे हैं ताकि विवाद की असल जड़ का पता लगाया जा सके.

 फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है.

यह पूरी वारदात सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जेल के ई-1 बैरक में घटित हुई. मुंगेली जिले के चामरी का रहने वाला 40 वर्षीय कैदी राजेश राय अचानक बैरक में दाखिल हुआ और वहां बंद 25 साल के नीलू जगत पर ताबड़तोड़ वार करने लगा.

उसने सीमेंट के ढक्कन से नीलू के सिर पर कई हमले किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

आनन-फानन में जेल कर्मियों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. मारा गया युवक नीलू कोटा का निवासी था और एक मामले में विचाराधीन बंदी के तौर पर वहां बंद था.

Related Articles

Back to top button