छत्तीसगढ़

2. खारुन नदी में शिक्षक सहित 3 डूबे, 15 घंटे बाद एक का शव मिला, 2 लोगों को तलाश रही SDRF की टीम

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे धरसीवां इलाके के मुर्रा में एक शिक्षक सहित 3 लोग खारून नदी में डूब गए। 15 घंटे की मशक्कत के बाद एक का शव मिला है। वहीं दो लोगों की तलाश जारी है। मुर्रा गांव के पास खारुन नदी पर बने एनीकट में यह हादसा हुआ है। गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को नदी में उतारा गया है। घटना की सूचना के बाद स्थानीय विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव, बीईओ संजय पूरी गोस्वामी सहित धरसीवां पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने एक शव को नदी से निकालकर मरच्युरी भिजवाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह मुर्रा गांव के लखनलाल बंजारे (58 वर्ष), उनके बड़े भाई के बेटे शेखर बंजारे (28 वर्ष) और उनके नाती हरजीत भारती (15 वर्ष) नदी में डूब गए। हरजीत सुबह नदी में नहाने गया था, उसी दौरान वह एनीकट के गहरे पानी में चला गया। उसको डूबता देख नदी किनारे मौजूद जीतेंद्र वर्मा और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगा दी, लेकिन हरजीत को नदी से बाहर नहीं निकल पाए। इसी दौरान हरजीत का दादा लखनलाल और शेखर बंजारे रस्सी लेकर नदी में उतरे। रस्सी के दूसरे छोर को कहीं बांधकर नहीं रखे थे और न ही किसी ग्रामीण को रस्सी को पकड़ाए थे। दोनों नदी में उतरे, लेकिन वह भी बाहर नहीं आ पाए। मंगलवार की सुबह 9 बजे एनीकट से कुछ दूरी पर एक शेखर बंजारे का शव मिला है।

 

एनीकट के सभी 14 गेट जाम, पानी ऊपर से बह रहा
विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा और जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव को ग्रामीणों ने बताया कि एनीकट में 14 गेट हैं, लेकिन रखरखाव के अभाव में गेट जाम हो गए हैं। गेट नहीं खुलने की वजह से पानी एनीकट के ऊपर से बहता है। स्थानीय लोग भी जान जोखिम में डालकर एनीकट को पार करते हैं। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी है। विधायक अनिता शर्मा ने कहा कि एसडीआरएफ की टीम तलाशी अभियान में जुटी है। एनीकट के गेट को सुधारवाने अधिकारियों से बात करेंगे। जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव ने इस घटना के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार बताया है।

Related Articles

Back to top button