2. खेल-खेल में मासूम की आंख में घुसी जीभी, सफल ऑपरेशन से बची रोशनी

धमतरी । छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कसपुर गांव में खेल रहे दो साल के मासूम बच्चे की पलक में जीभी (टंग क्लीनर) गहराई तक घुस गई. घटना गुरुवार सुबह की है, जब जगदीश नेताम का बेटा कृष्ण कुमार घर पर अपनी मां के पास खेल रहा था. नहाने के दौरान बच्चे के हाथ में जीभी थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर उसकी पलक को चीरते हुए अंदर फंस गई.
बच्चे की चीख सुनकर परिजन आनन-फानन में उसे लेकर धमतरी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.एस. खालसा और उनकी टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इमरजेंसी सर्जरी शुरू की.
डॉक्टरों ने बेहद सावधानी के साथ कुछ ही मिनटों में बच्चे की पलक से उस नुकीली वस्तु को बाहर निकाल लिया. डॉ. खालसा ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने की वजह से बच्चे की आंख की रोशनी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और वह अब पूरी तरह सुरक्षित है.
डॉक्टरों ने माता-पिता को सलाह दी है कि बच्चों के आसपास नुकीली और खतरनाक चीजें न रखें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.



