छत्तीसगढ़

इंजीनियर की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश नगरीय निकाय कर्मचारी संघ लामबंद

देवभोग नगर पंचायत में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी संदीप चंद्राकर के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर प्रदेश नगरीय निकाय कर्मचारी संघ ने कड़ा विरोध जताया है। संघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग को लेकर गरियाबंद एसपी और देवभोग थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।

संघ के अनुसार, देवभोग नगर पंचायत में पदस्थ इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक ने अपने कुछ बाहरी असामाजिक तत्वों के साथ शराब के नशे में पंचायत कार्यालय में घुसकर कार्यालयीन समय में संदीप चंद्राकर के साथ मारपीट तथा अश्लील गाली-गलौज की। घटना के बाद कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर और निंदनीय मामला है। उन्होंने कहा कि ऐसे “झगड़ालू इंजीनियर” और उसके साथियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारी देवभोग थाना का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला एवं पुलिस प्रशासन की होगी।
संघ ने छत्तीसगढ़ शासन से भी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, प्रदेश महामंत्री सुभाष सोनकर, बस्तर संभाग महामंत्री विनोद यादव, महासमुंद जिला उपाध्यक्ष कमलजीत सलूजा, प्रदेश प्रवक्ता ललित साहू, सोनू टांडी सहित स्थानीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button