छत्तीसगढ़

5. कुंवरपुर जंगल में लगी भीषण आग, 1 किमी क्षेत्र में फैली आग की लपटें, कई पेड़ जलकर खाक

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र अंतर्गत कुंवरपुर जंगल में भीषण आग लगी हुई है। आग धीरे-धीरे फैलती जा रही है। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे से लगे जंगल में उठ रही आग की लपटें हाइवे से साफ तौर पर नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि आग ने 1 किलोमीटर क्षेत्र में फैले जंगल को अपनी चपेट में ले लिया है। आग से कई इमारती पेड़ के अलावा छोटे पौधे जलकर खाक हो चुके हैं। इधर वन अमला आग पर काबू पाने में नाकाम है। आग से छोटे जीव-जंतुओं को भी खतरा बना हुआ है।

सरगुजा में गर्मी के दिनों में जंगलों में आग लगना आम बात हो गई है। हर साल जंगल आग की चपेट में आते हैं। आग लगने के पीछे का जो कारण बताया जाता है, वह महुआ की फसल है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग जंगल में लगे महुआ पेड़ों से महुआ के पके फल बीनने के लिए पेड़ों के नीचे आग लगा देते हैं।

आग की गर्मी से महुआ के फल टपक कर नीचे गिर जाते हैं, जिससे ग्रामीण आसानी से उसे बीनकर घर ले जाते हैं। यह भी कहा जाता है कि बिना आग लगाए महुआ बीनने के लिए उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा, इस वजह से वे पेड़ों के नीचे आग लगाते हैं। अब यही आग जंगल में अन्य पेड़ों के लिए मुसीबत बन गई है।

1 किमी क्षेत्र में फैली आग

लखनपुर के कुंवरपुर जंगल में मंगलवार से आग लगी हुई है। आग ने करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र को चपेट में ले लिया है। वन विभाग की ओर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह नाकाफी है। भीषण गर्मी में आग के पास जाने से भी वे कतरा रहे हैं। सप्ताह भर पूर्व मैनपाट के जंगल में भीषण आग लगी थी।

Related Articles

Back to top button