छत्तीसगढ़

4. रायपुर में ED अधिकारियों से धक्का-मुक्की और बदसलूकी, जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के भाइयों पर FIR

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ईडी (ED) की कार्रवाई को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भारत माला परियोजना में हुए कथित घोटाले की जांच करने पहुंची ईडी की टीम के साथ बदसलूकी की गई है. यह घटना 27 अप्रैल शाम की बताई जा रही, जब ईडी के अधिकारी जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उनके भाइयों के ठिकानों पर दबिश देने पहुंचे थे.
जांच में डाली गई बाधा
छापेमारी के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब गोपाल गांधी के भाइयों ने ईडी अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. आरोपी सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी ने मिलकर टीम को जांच करने से रोका. इन दोनों भाइयों पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी ड्यूटी कर रहे अधिकारियों के साथ न केवल धक्का-मुक्की की, बल्कि उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया.
डिप्टी डायरेक्टर के साथ धक्का-मुक्की!
इस हंगामे के दौरान ईडी के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह को भी निशाना बनाया गया. आरोपियों ने उन्हें धक्का दिया और जांच की प्रक्रिया में गंभीर रूप से बाधा उत्पन्न की. अधिकारियों का कहना है कि भारत माला परियोजना घोटाले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए यह रेड की गई थी, लेकिन वहां मौजूद गांधी बंधुओं ने सहयोग करने के बजाय विवाद खड़ा कर दिया.
अभनपुर थाने में मामला दर्ज
ईडी के अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. ईडी की शिकायत के आधार पर सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. यह पूरा मामला रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र का है.
क्या है मामला?
भारत माला परियोजना में भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में 27 अप्रैल को इडी ने छत्तीसगढ़ में कई जगह छापेमारी की थी. रायपुर में गोपाल गांधी और उनके भाइयों के घरों पर दबिश दी गई थी, जहां टीम से बदसलूकी की बात सामने आ रही है. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और सरकारी काम में बाधा डालने वाले आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है.

Related Articles

Back to top button