4. रायपुर के कचना रेलवे फाटक पर गंभीर चूक, दो ट्रेनों की आवाजाही के बीच खुला रहा गेट
रायपुर। राजधानी रायपुर में कचना रेलवे फाटक पर शुक्रवार को बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही जारी थी, बावजूद इसके लेवल क्रॉसिंग का एक फाटक खुला रहा। इस दौरान कई दुपहिया और चारपहिया वाहन चालक ट्रैक पार करने की कोशिश में ट्रैक पर फंस गए, जिससे मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति संभल गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना महासमुंद रेल खंड पर स्थित कचना लेवल क्रॉसिंग की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब एक ओर से ट्रेन गुजर रही थी, उसी समय दूसरी लाइन पर भी ट्रेन के आने की सूचना थी। इसके बावजूद गेटमैन द्वारा एक तरफ का फाटक खोल दिया गया। फाटक खुलते ही बड़ी संख्या में वाहन चालक ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान दूसरी दिशा से ट्रेन के आने की आहट ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। कुछ बाइक सवार तो ट्रैक के बीचों-बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों की सतर्कता और ट्रेन की नियंत्रित गति के कारण बड़ा हादसा टल गया।
इंटरलॉकिंग सिस्टम से जुड़ा है गेट:
कचना रेलवे फाटक आरवीएच सिग्नल केबिन के इंटरलॉकिंग सिस्टम से संचालित होता है। यानी गेट का खुलना और बंद होना सिग्नलिंग व्यवस्था से जुड़ा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि जब दोनों ट्रैक पर मूवमेंट था, तब गेट कैसे खुला, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसे गेटमैन की लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि रेलवे अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश:
घटना के समय फाटक पर कचना क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। रोजमर्रा की तरह लोग बाइक और कार से फाटक पार कर रहे थे। अचानक मची अफरातफरी से कई लोग सहम गए। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
अब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे:
घटना के कुछ समय बाद तक किसी वरिष्ठ रेल अधिकारी के मौके पर पहुंचने की सूचना नहीं मिली थी। इस वजह से लोगों में नाराजगी भी देखी गई। रेलवे सुरक्षा मानकों के मद्देनजर इस तरह की चूक गंभीर मानी जाती है। यदि समय रहते स्थिति नियंत्रित न होती, तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।



