3. DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड… नक्सल संबंधी गोपनीय सूचना लीक करने की मिली सजा, वायरल WP चैट से खुलासा

महिला डीएसपी कल्पना वर्मा को कारोबारी दीपक टंडन से दोस्ती के साथ ड्यूटी की बातें भारी पड़ गई। दोनों के बीच हुए लाखों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद की जांच रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। डीएसपी वर्मा पर दंतेवाड़ा में पोस्टिंग के दौरान नक्सल संबंधी गोपनीय सूचना लीक करने का आरोप लगा है। इसी के आधार पर उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ा है।
दरअसल इसका खुलासा होटल कारोबारी दीपक द्वारा आईजी और डीजीपी को की गई लिखित शिकायत से हुआ है। शिकायत की जांच के लिए तत्कालीन ग्रामीण एएसपी कीर्तन राठौर को जांच अधिकारी बनाया गया। एएसपी राठौर ने डीएसपी वर्मा और कारोबारी टंडन दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद मामले की जांच की। इस दौरान यह तथ्य भी आया कि डीएसपी वर्मा ने गोपनीय सूचनाएं भी लीक की हैं। हालांकि कारोबारी टंडन ने उन पर महादेव सट्टा ऐप से लेकर अन्य कई आरोप लगाए थे। जांच अधिकारी ने मामले में 1000 पन्नों से अधिक की जांच रिपोर्ट तैयार की है। इसे पुलिस मुख्यालय को सौंप दिया।
सोने के गहने, कैश और कार भी ली
वायरल चैट के अनुसार कारोबारी दीपक ने महिला डीएसपी को सोने के जेवर, कैश व अन्य महंगे गिफ्ट दिए हैं। कारोबारी का दावा है कि यह सब लेने के बाद भी उसकी कार भी ली गई। महिला डीएसपी ने इन आरोपी का खंडन किया था।
डीएसपी-कारोबारी के बीच विवाद की शुरुआत
कारोबारी दीपक की महिला डीएसपी से पारिवारिक मित्रता थी। उनके पिता व भाई से भी दोस्ती थी। दीपक ने महिला डीएसपी के पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा को 25 लाख रुपए दिए, जिससे होटल एटमॉस्फेरिया खरीदा गया। इसी होटल के सौदे को लेकर दीपक का हेमंत और राकेश से विवाद हुआ। इसके बाद हेमंत और राकेश ने दीपक की पत्नी के नाम से दो चेक, उसकी कार भी ले लिया। बाद में उसकी पत्नी के खिलाफ चेक बाउंस का मामला लगा दिया। बाद में दीपक की पत्नी बरखा ने उनकी शिकायत की, तो महिला डीएसपी के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद दीपक ने महिला डीएसपी के साथ निजी WP चैट वायरल किया और उच्च अधिकारियों से शिकायत की।



