3. Chhattisgarh Election 2023: चुनावी ड्यूटी से बचने कोई कमर दर्द तो कोई बच्चे की पढ़ाई का बना रहे बहाना, सुगर-बीपी समेत इन कारणों का दे रहे हवाला

रायपुर : चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही निर्वाचन आयोग चुनावी ड्यूटी करने वाले अफसर-कर्मियों की सूची तैयार कर रहा है और इधर अधिकारी-कर्मचारी खुद को निर्वाचन कार्यों से अलग करने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए तकरीबन 350 से ज्यादा कर्मियों ने आवेदन दिए हैं। एक बाबू ने आवेदन दिया है कि उनकी कमर में दर्द है और उठने-बैठने में तकलीफ है, इसलिए उन्हें चुनाव ड्यूटी से छूट दी जाए।
वहीं एक महिला ने आवेदन में बताया कि उनका बच्चा यूपीएससी की तैयारी कर रहा है, इसके लिए उसकी देखभाल के लिए उसे चुनाव ड्यूटी से पृथक किया जाए। इसके अलावा अधिकांश मामलों में शुगर और बीपी की बीमारी होने का भी हवाला दिया गया है। वहीं तृतीय श्रेणी की एक महिला ने आवेदन किया है कि उनकी और उनके पति दोनों की तबीयत खराब रहती है। बच्चे बाहर नौकरी कर रहे हैं। अवकाश चाहिए। किसी ने रीढ़ की हड्डी में परेशानी होना बताया है।
वहीं दूसरी ओर यही आवेदन करने वाले कर्मचारी-अधिकारी कई वर्षों से बिना किसी परेशानी के अपने-अपने विभाग में नौकरी कर रहे हैं। इस चुनाव में लगभग 12 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की जिले में जरूरत पड़ेगी। ऐसे में आयोग को ही इस मामले में सख्ती दिखानी पड़ेगी।
आवेदकों में महिलाओं की संख्या ज्यादा



