राष्ट्रीय
विदिशा नाबालिग प्रेमी जोड़े ने पेड़ पर एक ही रस्सी से लटककर दी जान
गांव नीमखेड़ा की घटना। बुधवार रात से लापता थे दोनों। गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत में दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। घटना के बाद से गांव में पसरा मातम। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव स्वजनों को सौंप दिए गए। पुलिस जांच में जुटी।
विदिशा। करारिया थाना क्षेत्र के गांव नीमखेड़ा में गुरुवार को एक किशोर और किशोरी ने एक ही रस्सी से फंदे बनाकर पेड़ पर लटककर खुदकुशी कर ली। बताया जाता है कि दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव उनके स्वजनों को सौंप दिए गए हैं।
करारिया थाना प्रभारी अरुणा सिंह ने बताया कि गांव की एक 16 वर्ष की लड़की बुधवार की रात करीब 11 बजे से गायब थी। लड़की की मां ने रात में खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह लड़की के स्वजनों में मोहल्ले में ही रहने वाले एक परिवार के घर में उनके 17 वर्षीय पुत्र के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि रात से वह भी गायब है। इसके बाद दोनों परिवारों के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की।



