4. उफनती नदी में बाइक सहित बहा युवक, एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश, गहरे पानी से बाइक बरामद

दुर्ग। जिले की कोटनी नदी में कल बहे युवक की तलाश में एसडीआरएफ की टीम सुबह से फिर जुट गई है। कल दोपहर को अस्पताल से घर लौट रहा युवक नदी पार करते समय बाइक सहित बह गया था। घटना के बाद उसकी पत्नी ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शाम तक एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक तलाश की। बाइक तो मिल गई, लेकिन युवक का पता नहीं चला है।
बता दें कि नगपुरा निवासी विजय मिश्रा अपनी पत्नी के साथ बाइक से जिला अस्पताल इलाज कराने गया था। वहां से दोपहर डेढ़-दो बजे के करीब वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में नगपुरा में कोटनी नदी का जल स्तर बढ़ गया था। इसके चलते उसने अपनी पत्नी को बाइक से उतार दिया और पैदल नदी का स्टॉप डैम पार करने के लिए बोला। विजय अपनी बाइक से धीरे-धीरे नदी पार करने लगा। इसी दौरान अचानक बाइक का पहिया फिसल गया और विजय बाइक सहित नदी के गहरे पानी में चला गया।
पति को बाइक समेत नदी में गिरता देख पत्नी ने आसपास के लोगों को आवाज दी। फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस कर्मियों की टीम ने तीन घंटे से अधिक समय तक नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन बाइक सवार का पता नहीं चला। काफी देर के बाद गोताखोरों को बाइक मिली। कल रात होने के चलते एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन को बंद कर दिया था। आज सुबह से टीम फिर नदी में तलाशी अभियान चला रही है। युवक के नदी में डूब जाने के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



