छत्तीसगढ़

1. CG Election 2023: कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे पर रार, मोहन मरकाम ने कहा- सीएम के लिए हो सकता है कोई भी चेहरा

रायपुर।   कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ बैठक से पहले नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अंबिकापुर में कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा केंद्रीय संगठन तय करेगा। यह भी कहा कि यहां सिंहदेव सहित सभी मंत्री काम कर रहे हैं, कोई भी चेहरा हो सकता है। मरकाम को सीएम विरोधी खेमे का माना जाता है। अब तक कांग्रेस मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भाजपा पर निशाना साधती रही है। ऐसे में मरकाम के बयान के बाद भाजपा को मौका मिल गया है। भाजपा ने छह महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाएगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे मंत्री टीएस सिंहदेव ने यह कहकर संगठन की चिंताएं बढ़ा दी हैं कि पहली बार चुनाव जीतना आसान होता है, लेकिन दूसरी बार चुनाव में जाने से पहले उपलब्धियां बतानी होती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार यह दावा कर रहे हैं कि सरकार हर वर्ग के लिए बेहतर काम कर रही हैं। वहीं संगठन के नेताओं के अलग सियासी राग ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। इसके बीच कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा बुधवार को मुख्यमंत्री और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी, जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। यह बैठक मुख्यमंत्री निवास में होगी। बताया जा रहा है कि करीब साढ़े तीन घंटे चलने वाली बैठक में एक-एक सीट को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रदेश की 90 विधानसभा सीट में से 71 सीट पर कांग्रेस के विधायक हैं।

पिछले चुनाव में चार चेहरे को आगे करके कांग्रेस ने लड़ा था चुनाव

15 साल सत्ता से बाहर रही कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में चार वरिष्ठ नेताओं के चेहरे को आगे करके चुनाव लड़ा था। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, साहू समाज के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस के उस समय के एकमात्र सांसद ताम्रध्वज साहू और राज्य गठन के बाद सबसे लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहे डा चरणदास महंत को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सरकार बनने के बाद चारों नेता मुख्यमंत्री की दौड़ में थे, लेकिन आखिरी बाजी भूपेश बघेल ने मारी और मुख्यमंत्री बने।

धान, किसान, नौजवान, सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा

प्रदेश की राजनीति में धान, किसान और नौजवान सबसे बड़े चुनावी मुद्दे रहे हैं। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में धान की खरीदी 2500 रुपये में करने, किसानों की कर्जमाफी और युवाओं को रोजगार का वादा किया था। मुख्यमंत्री की कमान संभालने के एक घंटे बाद ही भूपेश बघेल ने किसानों की कर्जमाफी का वादा पूरा किया। प्रदेश में केंद्र सरकार के अड़ंगे के बाद भी धान की खरीदी 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की। इसके लिए राजीव गांधी न्याय योजना में किसानों को प्रति एकड़ नौ हजार रुपये की इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। युवाओं को रोजगार के लिए गोठान, रूरल इंडस्टीयल पार्क, राजीव मितान क्लब खोले गए। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने की शुरुआत की गई। सरकार का दावा है कि सरकारी नौकरी और स्वरोजगार से करीब पांच लाख युवा जुड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button