3. मालगाड़ी की चपेट में आया व्यापारी, शरीर के हुए कई टुकड़े, जानिए कैसे हुआ ये दर्दनाक हादसा?

दंतेवाड़ा: जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहाँ मालगाड़ी से कटकर एक व्यापारी की मौत हो गई है। हादसे में व्यापारी के सिर, हाथ, पैर कटकर अलग हो गए। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करते वक्त व्यापारी मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक किराना व्यापारी का नाम अनिल गोयल (46) है। जो किरंदुल शहर का ही रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि, रविवार की सुबह अनिल वॉक पर निकले थे। वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, इसी दौरान किरंदुल रेलवे स्टेशन के नजदीक एक मालगाड़ी रिवर्स हो रही थी। इस बीच मालगाड़ी के पिछले हिस्से की चपेट में व्यापारी आ गया, जिससे उनके शरीर के कई टुकड़े हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के कर्मचारियों ने किरंदुल पुलिस को खबर की। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। इधर, पुलिस इस मामले की जांच भी कर रही है।
दरअसल, जिस जगह हादसा हुआ है उसी जगह से रोजाना सैकड़ों लोग ट्रैक पार करते हैं। इनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। पिछले कई सालों से लोग यहां फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, रेलवे और NMDC के अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। यही वजह है कि अब शहर के लोग काफी आक्रोशित हैं।



