छत्तीसगढ़

11. दो व्यापारी भाइयों के घर में लगी भीषण आग, दमकल की नहीं हो पाई व्यवस्था, 26 लाख रुपए का नुकसान

कांकेर :  बीती रात करीब 7 से 8 बजे के बीच एक ही परिवार के दो सगे व्यापारी भाइयों के घर में अचानक आग लग गई। आगजनी में 5.70 लाख की नकदी समेत करीब 26 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। घटना के समय दोनों ही परिवार अपने रिश्तेदार के घर शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। सूचना मिलते जब लौटे तो पूरा घर आग की लपटों में तब्दील हो गया था। सभी सामान जलकर राख हो गया। घटना पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पीवी-14 श्यामानगर में हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पीवी-14 श्यामानगर निवासी निताई महेन पाल ने बताया कि वह बाजार-बाजार में जाकर चनाचूर, मिक्सर, किराना आदि का व्यवसाय कर परिवार का पालन पोषण करता है। वह हमेशा थोक में सामान खरीदी करता है, जिस कारण सामान खरीदने के लिए वह हमेशा घर में पैसा रखा रहता था। बीत रात भी वह अपने घर में 4.20 लाख रुपए नकद रखा था। इसके साथ ही उसके घर में किराना के साथ अन्य सामाग्री, आलमारी में सोने चांदी का आभूषण था। कपड़े, पलंग के साथ अन्य सामाग्री घर में थी।

21 नवम्बर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच मेें वह गांव में ही किसी रिश्तेदार के घर शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया। वहां ग्रामीणों ने सूचना दी कि उसके घर में आग लगी है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा तो आग इतनी ज्यादा भभक रही थी कि काबू में करना मुश्किल था। आगजनी की घटना से करीब 3.50 लाख का घर, नकद 4.20 लाख रुपए की पांच पांच सौ रुपए की गड्डी, सोने के आभूषण, कपड़ा, टीवी, आलमारी, पलंग, इलेक्ट्रानिक सामान समेत करीब 11 लाख का सामान जलकर राख हो गया।

श्यामानगर निवासी बलाई पाल जो कि निताई पाल का भाई है। वह भी बाजार बाजार जाकर चप्पल जूता का व्यवसाय करता है। 21 नवम्बर की शाम जब उसके छोटे भाई के घर में आग लगी तो उसके साथ उसका घर भी जलकर राख हो गया। जिस समय यह घटना हुई उस समय परिवार के साथ ग्राम पीवी-52 में रिश्तेदार के घर शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे।

सूचना मिलते ही जब लौटे तो देखा कि उसका घर राख के ढेर में बदल गया था। आगजनी की घटना से करीब 2.50 लाख रुपए का घर, घर में रखी नकदी 1.50 लाख, कपड़ा 50 हजार, सोना चांदी के आभूषण 2 लाख, जूूता चप्पल 5 लाख, किराना सामान 1.50 लाख, आलमारी 25 हजार, पलंग 70 हजार, रसोई का पूरा सामान 40 हजार, एलईडी टीवी सेट 45 हजार, इलेक्ट्रानिक उपकरण करीब 50 हजार कुल 15 लाख 50 हजार का सामान जलकर राख हो गया।

आग कैसे लगी अभी तक खुलासा नहीं
एक ही परिवार के दो सगे भाइयों के कच्चे मकान में उस समय आग लगी जब दोनों ही परिवार अपने अपने रिश्तेदारों के घर कार्यक्रम में गए हुए और घर पूरी तरह से बंद था। उनके जाने के बाद ऐसा क्या हुआ कि वहां पर आग लगी, जिससे घर जलकर राख हो गया। क्या किसी ने जानबुझकर किसी रंजिश के चलते आग लगा दी या फिर यह कोई प्राकृतिक घटना थी, यह सवाल दोनों परिवार के सामने बना है। एक ही झटके में दोनों व्यापारियों का पूरा सामान समेत घर भी जलकर राख हो गया, कपड़ों के आलावा उनके पास कुछ भी नहीं बचा। इतनी बड़ी घटना के बाद मौके पर पटवारी पहुंचकर पंचनामा बनाया लेकिन दोनों ही भाइयों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दिया गया।

दमकल नहीं होने से आग पर काबू नहीं
पखांजूर क्षेत्र में दमकल वाहन नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात करीब 7 से 8 बजे के बीच जब घर में आग लगी तो आस पास के लोगों ने मकान मालिक को सूचना देकर आग बुझाने का प्रयास किए लेकिन दमकल वाहन की कमी के चलते आग पर काबू करना मुश्किल था।

आग की लपटें और तेजी से उठ रही थी तब ग्रामीणों ने कहीं से मोटर पंप की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया तो रात करीब 11 बजे आग पर काबू पाया गया तब तक पूरा घर जलकर राख हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में यदि दमकल वाहन की व्यवस्था होती तो शायद लाखों का नुकसान नहीं होता।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button