4. छत्तीसगढ़: चिटफंड कंपनी के 4 डायरेक्टर गिरफ्तार, पैसा डबल करने के नाम पर करोड़ों की लगाई थी चपत

बलोदा बाज़ार : बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने निवेशकों के पैसे दोगुना करने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी गरिमा रियल स्टेट कंपनी के 4 डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है. इस चिटफंड कंपनी के 2 डायरेक्टरों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस ने राजस्थान जाकर इन्हें पकड़ा है. इस प्रकार पुलिस द्वारा अब तक इस कंपनी के सभी 6 आरोपी डायरेक्टरों की गिरफ्तारी की जा चुकी है.
जानकारी अनुसार, गरिमा रियल स्टेट कंपनी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली एवं सुहेला में अपराध दर्ज किया गया है. जिले में इस चिटफंड कंपनी से 27,61,80,361 रकम वापसी के लिए 9,312 आवेदन आये थे. जिसके बाद पुलिस ने इस कंपनी के डायरेक्टरों की तलाश शुरू की. इस चिटफंड कंपनी के 2 आरोपी डायरेक्टरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया बाक़ी के चार लोग फरार थे. चारों आरोपी डायरेक्टरों को धौलपुर जेल राजस्थान से न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ के तीन जिलों रायपुर, बेमेतरा, जांजगीर चांपा के साथ साथ दूसरे प्रदेशो में भी मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री के मंशा अनुरूप जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में चिटफंड कंपनियों के आरोपी डायरेक्टरों के गिरफ्तारी की कार्रवाई लगातार की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस टीम ने चिटफंड कंपनी गरिमा रियल स्टेट कंपनी के फरार 4 आरोपी डायरेक्टरों को न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत धौलपुर जेल राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है.



