1. ओडिशा में ट्रेन हादसा: छत्तीसगढ़ में शोक की लहर, CM समेत कई नेताओं ने जताया गहरा दुख, कहा-हरसंभव मदद को तैयार

ओडिशा के बालासोर में बीते दिन शुक्रवार शाम को बड़ा रेल हादसा हो गया। इससे हादसे में करीब 280 लोगों की मौत हो गई, वहीं 900 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने ओडिशा के बालासोर के बहानागा रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार बेहद दुखद है। ईश्वर दुर्घटना में दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दें। घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ईश्वर सबके परिजनों को हिम्मत दे।
सीएम भूपेश ने आज सुबह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मोबाइल पर चर्चा की है। सीएम बघेल ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुए ट्रेन हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा के सीएम से कहा कि छत्तीसगढ़ की ओर से ओडिशा को हरसंभव मदद की जायेगी। छत्तीसगढ़ के लोग हताहतों के परिजनों के दुख में साथ खड़े हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
पूर्व सीएम डॉ. रमन ने कहा कि रेल दुर्घटना की खबर विचलित करने वाली है। मृतकों की आत्मा को शांति और शोक-संतप्त परिजनों को धैर्य प्राप्त हो ऐसी कामना करता हू। इस रेल दुर्घटना में घायल हुए लोगों को परमात्मा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बालासोर दुर्घटना में मृतकों को श्रद्धासुमन अर्पित किया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। साथ ही छत्तीसगढ़ भाजपा ने आज अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि रेल दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की क्षमता प्रदान करने और घायलों की कुशलता एवं शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
बृजमोहन अग्रवाल ने रद्द किए जनसंपर्क कार्यक्रम
इस घटना से आहत रायपुर दक्षिण बीजेपी विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने आज रायपुर दक्षिण संजय नगर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। वहीं देशभर में भी बजेपी के होने वाले सारे कार्यक्रम को रद्द किया गया है। दरअसल, पीएम मोदी के नौ साल पूरे होने पर आज बीजेपी का विशेष कार्यक्रम था, जो कि इस हादसे के चलते सभी कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (12864), शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841), और एक मालगाड़ी एक साथ हादसे का शिकार हुए हैं। वहीं शनिवार सुबह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हादसे वाले घटनास्थल पर पहुंचे मौके का मुआयना किया। इसके बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिल्ली से बालासोर आ रहे हैं। वे यहां घायलों से मिलेंगे। जहां ओडिशा ने आज 3 जून को एक दिन का राजकीय शोक का ऐलान किया वहीं इसके साथ ही तमिलनाडु ने भी एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है।



