आईबी की पूछताछ में कई और खुलासे,पीएफआई सदस्य युवाओं का ब्रेनवॉश करने के लिए ऐसे दिलाते हैं ट्रेनिंग
पीएफआई सदस्य युवाओं का ब्रेनवॉश करने के लिए ट्रेनिंग दिलाते हैं। कई तरह की आधुनिक सुविधाएं दी जाती हैं। बेहद उन्मादी इन भाषणों से ही युवा का ब्रेनवॉश करने की कोशिश होती रहती है।

पीएफआई के प्रदेश अध्यक्ष वसीम से उसके बेहद करीबी रिश्ते रहे और दोनों मिलकर यूपी में बड़ा नेटवर्क तैयार कर रहे थे। इस खुलासे के बाद ही अहमद बेग को मदेयगंज पुलिस ने रिमाण्ड पर लिया। रविवार को एसीपी, आईबी के अफसरों ने अहमद बेग से उसके नेटवर्क के बारे में कई सवाल किये। उससे पूछा गया कि किस तरह से पीएफआई का संगठन बढ़ता गया। अहमद बेग ने शनिवार की तरह ही कई सवालों पर चुप्पी साधे रखी थी। नेटवर्क बढ़ाने वाले सवाल पर उसने ट्रेनिंग के दौरान मिलने वाली सुविधाओं का ब्योरा दिया। इसके बाद वह आईबी अफसरों के सवालों के जाल में फंस कर कई जानकारियां देता गया।
ग्रामीण इलाके थे निशाने पर
अहमद बेग ने खुलासा किया कि इस बार संगठन के अधिकारियों ने ग्रामीण इलाकों के युवकों को अपने साथ जोड़ने की मुहिम चलाने को कहा था। इसी कड़ी में बीकेटी, गुड़म्बा, माल, मलिहाबाद के साथ ही छोटे जिलों में पीएफआई अपना नेटवर्क मजबूत करने में लगी थी। इसके लिये काफी फंडिंग भी हो चुकी है। अहमद के मोबाइल की कॉल डिटेल और ई-मेल के आधार पर भी आईबी ने कई लोगों को रडार पर लिया है। इनके बारे में और ब्योरा जुटाया जा रहा है।
जेल में बंद अन्य सदस्यों से सम्पर्क पर चुप रहा
अहमद बेग से जब ये पूछा गया कि लखनऊ से अब तक पकडे गये अन्य आठ लोगों से सम्पर्क थे अथवा नहीं। इस पर वह काफी देर तक चुप रहा। बाद में कुबूला कि वह सिर्फ वसीम से ही मिला है। दो लोगों से उसकी व्हाटसएप कॉल के जरिये बात हुई है। एनआईए के अधिकारी रविवार को भी अहमद बेग से पूछताछ करने नहीं पहुंचे थे। माना जा रहा है कि सोमवार को ये अफसर पूछताछ करेंगे। उसके बाद ही अहमद को बहराइच ले जाया जा सकता है।



