‘ऑपरेशन लोटस’ राष्ट्रीय राजधानी में विफल, केजरीवाल ने साबित किया बहुमत
विश्वास मत पर वोटिंग से पहले भाजपा के सभी विधायक सदन से बाहर चले गए।

एम.डी. आरिफ की कलम से…….
नई दिल्ली। नई शराब नीति में कथित गड़बड़ियों के लिए उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के यहां सीबीआई के छापे के बाद से ही भाजपा के ऊपर दिल्ली सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगा रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बहुमत साबित किया। उन्होंने बहुमत साबित करने के लिए शुक्रवार को एक दिन का विशेष सत्र बुलाया था, जिसे पांच दिन चलाया। इस दौरान कोई विधायी काम नहीं हुआ। उन्होंने गुरुवार को बहुमत साबित किया, जिसमें उनकी सरकार के समर्थन में 59 वोट मिले।
विश्वास मत पर वोटिंग से पहले भाजपा के सभी विधायक सदन से बाहर चले गए। सदन में मौजूद आप के सभी सदस्यों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया। इससे पहले केजरीवाल ने कहा था कि उन्होंने यह साबित करने के लिए विश्वास प्रस्ताव पेश किया कि भारतीय जनता पार्टी का ‘ऑपरेशन लोटस’ राष्ट्रीय राजधानी में विफल हो गया है। केजरीवाल ने सदन में कहा कि केंद्रीय एजेंसी सीबीआई उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि इससे आप के वोट बढ़ेंगे।

सरकार के खिलाफ कोई वोट नहीं पड़ा क्योंकि भाजपा के तीन विधायकों विजेंद्र गुप्ता, अभय वर्मा और मोहन सिंह बिष्ट को उपाध्यक्ष राखी बिड़ला के साथ नोंक-झोंक के बाद विधानसभा से मार्शल के जरिए बाहर निकाल दिया गया। बिड़ला ने विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले ध्यानाकर्षण प्रस्ताव संबंधी नोटिस पर गौर करने की उनकी मांग नहीं मानी थी। इसके बाद भाजपा के बाकी विधायकों ने सदन से वाकआउट किया।
विश्वास मत पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी को भाजपा के विकल्प के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अभी केवल दो पार्टी हैं- कट्टर ईमानदार पार्टी और कट्टर बेईमान पार्टी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीआई के अधिकारी मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया तो गुजरात चुनाव में आप का वोट प्रतिशत बढ़ेगा।
इस बीच आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने देश में विभिन्न राज्य सरकारों को अस्थिर करने के भारतीय जनता पार्टी के कथित प्रयासों के बारे में जानकारी देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है। आतिशी ने ट्विट किया- मैंने भारत के लोकतंत्र की संरक्षक माननीय राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। उन्होंने कहा- आम आदमी पार्टी के विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन लोटस- देश भर में राज्य सरकारों को अस्थिर करने के भाजपा के प्रयास पर चर्चा करने के लिए उनसे मिलना चाहता है।



