वोडाफोन-आइडिया ,पर आया नया संकट, डर के माहौल में शेयर से पिंड छुड़ा रहे निवेशक
वोडाफोन-आइडिया के नए संकट के बीच निवेशकों में डर का माहौल आ गया है। इस वजह से निवेशक लगातार शेयर बेच रहे हैं और गुरुवार के कारोबार में स्टॉक करीब 7 फीसदी टूटकर 8.40 रुपये के स्तर पर आ गया।

स्टॉक हुआ धड़ाम: वोडाफोन-आइडिया के नए संकट के बीच निवेशकों में डर का माहौल आ गया है। इस वजह से निवेशक लगातार शेयर बेच रहे हैं और गुरुवार के कारोबार में स्टॉक करीब 7 फीसदी टूटकर 8.40 रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं, क्लोजिंग 8.47 रुपये पर हुई। मार्केट कैपिटल 27 हजार करोड़ रुपये है।
क्या मिली है चेतावनी: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंडस टावर्स ने नवंबर के बाद कारोबार जारी रखने के लिए बकाया रकम चुकाने और हर महीने समय पर भुगतान करने के लिए कहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक भुगतान न करने की सूरत में नवंबर के बाद इंडस टावर्स, वोडाफोन आइडिया को सेवाएं देना बंद कर देगी।
कितना है बकाया: एक अन्य सूत्र ने कहा कि अमेरिकन टावर कॉरपोरेशन (एटीसी) भी अपने बकाये को सुरक्षित करने के लिए इसी तरह के कदमों पर विचार कर रही है। कंपनी के भारत में 75,000 मोबाइल टावर हैं। आपको बता दें कि वर्तमान में वोडा-आइडिया पर इंडस टावर्स का लगभग 6,800 करोड़ रुपये और एटीसी का 2,400 करोड़ रुपये का बकाया होने का अनुमान है।



