छत्तीसगढ़

1. छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की किल्लत महज अफवाह- खाद्य सचिव

रायपुर ।  छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों पर विराम लगाते हुए खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है. उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे पैनिक खरीदी न करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें.

खाद्य सचिव ने जानकारी दी कि राज्य के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आपूर्ति मिल रही है और वितरण व्यवस्था की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर और डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो दैनिक आवश्यकता से कहीं अधिक है.

 

प्रशासनिक रिपोर्ट के मुताबिक, रायपुर और बिलासपुर जैसे शहरों में कुछ पंपों के ‘ड्राई आउट’ होने की खबरें आई थीं, लेकिन यह स्थिति मांग में अचानक हुई अप्रत्याशित वृद्धि के कारण निर्मित हुई थी. 

 

रायपुर के 326 पंपों में से केवल 35 और बिलासपुर के 156 में से महज 13 पंप अस्थायी रूप से स्टॉक की कमी का सामना कर रहे थे, जिन्हें ऑयल कंपनियों के माध्यम से तत्काल रिफिल किया जा रहा है.

 

खाद्य सचिव ने जोर देकर कहा कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और शासन एवं तेल कंपनियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि हर पेट्रोल पंप पर ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके. उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे अनावश्यक संग्रहण से बचें क्योंकि ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है.

 

Related Articles

Back to top button