मुलायम सिंह यादव निधन, पीएम मोदी भी हुए भावुक, शेयर की नेताजी के साथ वाली अपनी खास तस्वीरें
पीएम मोदी ने लिखा, मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर पूरे देश में गम है। सभी दलों के नेता श्रद्धांजलि प्रकट कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर भावुक हो गए। पीएम मोदी ने नेताजी के साथ वाली अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की और लिखा, ‘जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति।’
Mulayam Singh Yadav Death Reactions:
देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं!’
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संवेदना प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ‘मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएँगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है।।’



