छत्तीसगढ़

2. रायपुर में बनेगा अंतरिक्ष विज्ञान का नया इतिहास: गगनयान से जुड़े शुभांशु शुक्ला की मौजूदगी में होगा प्रदेश के पहले स्पेस सेंटर का लोकार्पण…

रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित राखी क्षेत्र में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र का आज लोकार्पण किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि गगनयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। वे इस महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी’ के ब्रांड एंबेसडर भी होंगे।

 छात्रों को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान का प्रत्यक्ष अनुभव:

यह अंतरिक्ष केंद्र ISRO के मानकों पर विकसित किया गया है, जिसमें क्लीन रूम, सैटेलाइट लैब, ग्राउंड स्टेशन, मिशन कंट्रोल सेंटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। यहां छात्र सैटेलाइट निर्माण, संचालन और अंतरिक्ष मिशन की वास्तविक प्रक्रियाओं को प्रैक्टिकल रूप में सीख सकेंगे।

विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे शुभांशु शुक्ला:

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान में करियर विकल्पों पर मार्गदर्शन देंगे। यह पहल खासतौर पर ग्रामीण और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को विज्ञान की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

संयुक्त आयोजन, मजबूत भागीदारी:

इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन रायपुर, IDYM फाउंडेशन और सारडा एनर्जी के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और मंत्री गुरु खुशवंत साहब की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण:

नवा रायपुर में तैयार यह अंतरिक्ष केंद्र न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे मध्य भारत के छात्रों के लिए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगा। यह पहल छत्तीसगढ़ को भविष्य की स्पेस टेक्नोलॉजी शिक्षा का हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button