राष्ट्रीय

खबरिया चैनलों से जुड़े 14 एंकर्स के साथ ‘असहयोग’ का ऐलान,अपने गिरेबान में झांकने का समय!

एम. डी. आरिफ की रिपोर्ट……………

विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ की मीडिया कमेटी ने मुख्यधारा के खबरिया चैनलों से जुड़े 14 एंकर्स के साथ ‘असहयोग’ का ऐलान किया है। विपक्षी पार्टियां इन एंकर्स के कार्यक्रमों में अपने प्रवक्ताओं या टेलीविजन वक्ताओं को नहीं भेजेंगी क्योंकि विपक्ष को लग रहा है कि ये एंकर देश में नफरत फैलाने के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों ने यह फैसला इन एंकर्स के कार्यक्रमों में बहस के लिए रखे जाने वाले विषयों, उसमें बुलाए जाने वाले मेहमानों, बहस की दिशा और इन एंकर्स के अपने आचरण के इतिहास के आधार पर किया है। इसलिए मानना चाहिए कि फैसला सोच-समझ कर किया गया होगा और विपक्षी पार्टियों को इसके असर का अंदाजा भी होगा।

इसके पक्ष और विपक्ष में खूब सारे तर्क दिए जा रहे हैं। विपक्ष के ‘असहयोग’ का निशाना बने एंकर्स अपने को शहीद बताते घूम रहे हैं और केंद्र में सत्तारूढ़ दल भाजपा खुल कर उनका समर्थन कर रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियां इस कदम का बचाव कर रही हैं। पत्रकारों के भी दो खेमे बने हैं और स्वतंत्र विचारकों, लेखकों, व्यंग्यकारों के भी दो खेमे बने हैं। दोनों तरफ से अच्छे-अच्छे रूपक गढ़े जा रहे हैं। फिल्मों की कहानी, गाने आदि लिखने वाले एक प्रतिबद्ध स्टैंड अप कॉमेडियन वरुण ग्रोवर ने बहुत अच्छा रूपक गढ़ा।

कहा कि ‘अगर मुझे पता चल जाए कि मेरे शहर का एक दुकानदार बहुत खराब तेल में बासी आलू के समोसे बनाता है और मैं उसके यहां से समोसे खरीदना बंद कर दूं तो यह मेरी सेहत की रक्षा के लिए उठाया गया कदम माना जाएगा या उस दुकानदार का हक मारने वाला कदम होगा’? यह बिल्कुल सही रूपक है। अगर विपक्षी पार्टियों को लग रहा है कि कुछ एंकर नफरत फैला रहे हैं या किसी ज्ञात-अज्ञात कारण से विपक्षी पार्टियों के हितों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो उनके साथ असहयोग करना न तो प्रेस के ऊपर हमला है और न विपक्षी पार्टियों के भय को दिखाता है। यह अपने हितों का ध्यान रखते हुए किया गया सुविचारित फैसला है।

हैरानी की बात है कि स्वतंत्र व निष्पक्ष होने का दिखावा करने वाले कई पत्रकार भी कह रहे हैं कि विपक्षी पार्टियों ने अच्छा नहीं किया। एंकर्स के बहिष्कार, जिसे विपक्षी पार्टियां ‘असहयोग’ कह रही हैं, से अच्छी मिसाल कायम नहीं होती है। लेकिन ऐसा कहने या मानने का कोई आधार नहीं है। विशेष परिस्थितियों में इस तरह के उपाय कई जगह देखने को मिलते हैं। मिसाल के तौर पर संसद में जब कोई सांसद ज्यादा शोर-गुल करता है या असंसदीय आचरण करता है तो स्पीकर या सभापति उसे चेतावनी देते हुए कहते हैं कि अगर वे शांत नहीं हुए तो उनका नाम लिया जाएगा। टेलीविजन के सीधे प्रसारण में या सदन में मौजूद सदस्यों को दिख रहा होता है कि कौन सांसद हंगामा कर रहा है। फिर भी एक सीमा तक शोर-गुल करने और कार्यवाही में बाधा डालने की इजाजत होती है क्योंकि वह संसदीय प्रक्रिया का हिस्सा है।

परंतु पानी सिर के ऊपर बहने लगे तो फिर नाम लेना पड़ता है। स्पीकर या सभापति सदस्य का नाम पढ़ते हैं। इसको अच्छा नहीं माना जाता है। यही काम विपक्षी पार्टियों ने एंकर्स के मामले में किया है। सबको दिख रहा था कि कौन एंकर किस तरह से खास एजेंडे के तहत विपक्ष को निशाना बना रहा है, विपक्षी नेताओं को अपमानित कर रहा है, झूठ फैला रहा है और समाज में नफरत और विभाजन को बढ़ावा दे रहा है। अगर विपक्षी पार्टियों ने ऐसे एंकर्स की पहचान की है और कुछ लोगों का नाम लिया है तो ऐसा करना उनका अधिकार भी है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा भी है।

ध्यान रहे विपक्षी पार्टियों ने सिर्फ एंकर्स के नाम लिए हैं। उनके कार्यक्रम में जाने से मना किया है। इसके अलावा किसी तरह की दमनकारी कार्रवाई नहीं की है, जबकि 11 राज्यों में उन पार्टियों की सरकार है, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा हैं। अगर ये पार्टियां अपने अपने शासन वाले राज्यों से विज्ञापन देना बंद करें, मालिकों पर दबाव डलवा कर एंकर्स या किसी पत्रकार को नौकरी से निकलवाएं, उनको धमकी दें, पुलिस एफआईआर करे, गिरफ्तारी हो, रिपोर्ट रूकवाई जाए, चैनल बंद कराने की धमकी दी जाए तब तो इसे प्रेस की आवाज दबाना कहा जाएगा। यहां तो उलटा है। यहां एंकर्स को नहीं रोका गया है और न कोई कार्रवाई की गई है। विपक्षी पार्टियों ने सिर्फ इतना कहा है कि वे उनके कार्यक्रम में अपने प्रवक्ताओं को नहीं भेजेंगे। इसे प्रेस की आजादी पर हमला करना नहीं कहा जा सकता है। हां, इस पर बहस हो सकती है कि विपक्ष को ऐसा करने से फायदा होगा या नुकसान, लेकिन यह अलग बहस का विषय है। विपक्ष ने जो किया है, अगर उसके गुण-दोष पर यानी मेरिट पर बात करें तो इसमें कुछ भी असंसदीय, अलोकतांत्रिक या अराजनीतिक नहीं है। आखिर भाजपा भी अघोषित रूप से ही सही लेकिन एंकर्स का बहिष्कार करती है!

Related Articles

Back to top button