“मेकअप से पुते एंकरों को अब पसीने छूट रहे हैं… क्योंकि जनता ने रिमोट छोड़कर मोबाइल उठा लिया है!”
मोबाइल पत्रकारिता का धमाका: अब जनता खुद बनेगी न्यूज़रूम, टीवी चैनलों की चमक फीकी!

देश में पत्रकारिता का दौर तेजी से बदल रहा है। कभी टीवी चैनलों की ऊंची आवाज़, चमकते स्टूडियो और बहसों का शोर ही खबरों की पहचान हुआ करता था, लेकिन अब जनता का भरोसा मोबाइल स्क्रीन पर शिफ्ट हो चुका है।
हाल ही में IENS और मसी वोटर के 5000 से अधिक लोगों पर किए गए सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सर्वे के अनुसार 68% लोग अब समाचार देखने और पढ़ने के लिए मोबाइल का उपयोग कर रहे हैं। यह आंकड़ा साफ संकेत देता है कि टीवी न्यूज़ चैनलों का पुराना दबदबा अब ढलान पर है।

जनता की खबर, जनता के हाथ
अब खबरें सिर्फ बड़े मीडिया हाउस तय नहीं करेंगे। गांव, कस्बे और मोहल्लों से निकलने वाले वीडियो, लाइव रिपोर्ट और सोशल मीडिया अपडेट सीधे जनता तक पहुंच रहे हैं। मोबाइल पत्रकारिता ने आम आदमी को भी रिपोर्टर बना दिया है।
जहां टीवी चैनल घंटों बहस और सनसनी में उलझे रहते हैं, वहीं मोबाइल पत्रकारिता तेज, सीधी और मौके की खबर जनता तक पहुंचा रही है।
टीवी चैनलों पर भरोसा क्यों घट रहा?
लोगों का मानना है कि कई टीवी चैनल खबर कम और एजेंडा ज्यादा दिखा रहे हैं। चीखते एंकर, प्रायोजित बहसें और राजनीतिक झुकाव से परेशान जनता अब वैकल्पिक मीडिया की ओर बढ़ रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनल और मोबाइल आधारित पत्रकारिता ने दर्शकों को विकल्प दे दिया है। अब जनता सिर्फ सुनना नहीं चाहती, बल्कि खुद देखना, रिकॉर्ड करना और सवाल पूछना चाहती है।
नया दौर: मोबाइल जनरेशन की पत्रकारिता
मोबाइल पत्रकारिता सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि मीडिया की नई क्रांति बनती जा रही है। एक स्मार्टफोन, इंटरनेट और सच बोलने का साहस— यही नए दौर की ताकत है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में डिजिटल और मोबाइल आधारित पत्रकारिता मुख्यधारा बन जाएगी। टीवी चैनलों को भी अब अपनी कार्यशैली बदलनी पड़ेगी, वरना दर्शक पूरी तरह मोबाइल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट हो जाएंगे।
जनता का संदेश साफ
“फैलाओ झूठ और नफरत… जनता ने कहा भाड़ में जाओ!”
देश की नई पीढ़ी अब शोर नहीं, सच देखना चाहती है। और यह सच अब सीधे मोबाइल की स्क्रीन से निकलकर जनता तक पहुंच रहा है।




